मुंबई ने बेंगलुरु के खिलाफ टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी; लगातार तीसरे मैच में रोहित की जगह पोलार्ड कप्तान
Dainik Bhaskar
https://ift.tt/3oz0OMF
IPL के 13वें सीजन का 48वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच अबु धाबी में खेला जा रहा है। मुंबई ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। रोहित शर्मा की जगह कीरोन पोलार्ड लगातार तीसरे मैच में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं। दोनों टीमें 14-14 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में हैं। दोनों ने सीजन में 11-11 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 7-7 मैच जीते और 4-4 मैच हारे हैं। मैच का स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें...
बेंगलुरु में 3 बदलाव, मुंबई में कोई चेंज नहीं
बेंगलुरु की टीम में 3 बदलाव किए गए। चोटिल नवदीप सैनी की जगह शिवम दुबे को मौका दिया गया। ओपनर एरॉन फिंच की जगह जोश फिलिप और मोइन अली की जगह डेल स्टेन को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई। वहीं, मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया।
दोनों टीमों में विदेशी खिलाड़ी
बेंगलुरु में जोश फिलिप, एबी डिविलियर्स, क्रिस मॉरिस और डेल स्टेन विदेशी खिलाड़ी हैं। वहीं, मुंबई में क्विंटन डिकॉक, कीरोन पोलार्ड, जेम्स पैटिंसन और ट्रेंट बोल्ट विदेशी खिलाड़ी हैं।
दोनों टीमें
बेंगलुरु: देवदत्त पडिक्कल, जोश फिलिप (विकेटकीपर), विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, गुरकीरत सिंह मान, शिवम दुबे, क्रिस मॉरिस, वॉशिंगटन सुंदर, डेल स्टेन, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल।
मुंबई: ईशान किशन, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, जेम्स पैटिंसन, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।
पिछली बार सुपर ओवर में हुआ था फैसला
सीजन में पिछली बार जब दोनों टीमें आमने-सामने हुईं थीं, तो नतीजा सुपर ओवर में निकला था। दुबई में खेले गए सीजन के 10वें मैच में बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 201 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई ने भी 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए थे। अंत में बेंगलुरु ने सुपर ओवर में मैच अपने नाम किया था।
दोनों टीम के महंगे खिलाड़ी
मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन का 15 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में हार्दिक पंड्या का नंबर आता है, उन्हें सीजन के 11 करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं RCB में कप्तान कोहली सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन के 17 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में एबी डिविलियर्स का नाम है, जिन्हें इस सीजन में 11 करोड़ रुपए मिलेंगे।
पिच रिपोर्ट
अबु धाबी में स्लो विकेट होने के कारण स्पिनर्स को भी काफी मदद मिलेगी। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। इस IPL से पहले यहां हुए पिछले 44 टी-20 में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम की जीत का सक्सेस रेट 56.81% रहा है।
- इस मैदान पर हुए कुल टी-20: 44
- पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती: 19
- पहले गेंदबाजी करने वाली टीम जीती: 25
- पहली पारी में टीम का औसत स्कोर: 137
- दूसरी पारी में टीम का औसत स्कोर: 128
मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार खिताब जीता
IPL इतिहास में मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। पिछली बार उसने फाइनल में चेन्नई को 1 रन से हराया था। मुंबई ने अब तक 5 बार फाइनल खेला है। वहीं, बेंगलुरु ने अब तक 3 बार फाइनल (2009, 2011, 16) खेला और तीनों बार खिताब नहीं जीत सकी।
मुंबई का IPL में सक्सेस रेट बेंगलुरु से ज्यादा
मुंबई इंडियंस ने लीग में अब तक 198 मैच खेले, जिसमें 116 जीते और 82 हारे हैं। वहीं, बेंगलुरु ने अब तक 192 में से 91 मैच जीते और 97 हारे हैं। 4 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। मुंबई का सक्सेस रेट 58.58% और बेंगलुरु का 48.13% रहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Comments
Post a Comment